डीएम ने छात्राओं से किया संवाद, लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में संवाद एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम, छात्राओं ने साझा किए सवाल और सपने

डीएम ने छात्राओं से किया संवाद, लक्ष्य तय कर आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित

पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में संवाद एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम, छात्राओं ने साझा किए सवाल और सपने

रायबरेली। पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित संवाद एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने पढ़ाई, रुचि, भविष्य की आकांक्षाओं और करियर को लेकर छात्राओं से बातचीत की और लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य तय करने के साथ समय का सदुपयोग और निरंतर मेहनत जरूरी है। छात्राएं अपनी रुचि और क्षमता को पहचानकर भविष्य का लक्ष्य तय करें और उसे हासिल करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करें।

संवाद के दौरान छात्राओं ने पढ़ाई, करियर और भविष्य से जुड़े विभिन्न सवाल जिलाधिकारी के सामने रखे। जिलाधिकारी ने सहजता से उनके प्रश्नों का जवाब देते हुए कहा कि हर छात्रा को अपनी प्रतिभा पहचानने और नई चीजें सीखने के अवसर का सकारात्मक उपयोग करना चाहिए। असफलता से घबराने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन के साथ व्यक्तित्व विकास, सामान्य ज्ञान, रचनात्मक गतिविधियों और सामाजिक जागरूकता पर भी ध्यान देने की सलाह दी। कहा कि मेहनत, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की दिशा में लगातार प्रयास करने से सफलता की राह आसान होती है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं में जिलाधिकारी से संवाद को लेकर उत्साह रहा। उन्होंने छात्राओं को आत्मनिर्भर, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि भविष्य में समाज और देश के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, प्रधानाचार्य स्मिता मिश्रा, उप प्रधानाचार्य सुनीता सिंह सहित विद्यालय की शिक्षिकाएं और छात्राएं मौजूद रहीं।

Previous articleपॉक्सो कानून की जानकारी हर बच्चे के लिए जरूरी जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को गुड टच-बैड टच और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here