छठ गीतों से गोरखनाथ घाट पर सांसद रवि किशन ने बांधा समां
कपिला पशु आहार के मंच से दी भक्ति गीतों की प्रस्तुति, छठी मइया के गीतों पर भावविभोर हुए श्रद्धालु
गोरखपुर। छठ महापर्व पर राप्ती नदी के तट स्थित गोरखनाथ घाट पर आस्था और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। कपिला पशु आहार की ओर से लगाए गए मंच पर सांसद रवि किशन ने छठ के पारंपरिक और भक्तिमय गीतों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। उनके गीतों से घाट का माहौल छठी मइया की भक्ति में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद रवि किशन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने छठी मइया की महिमा से जुड़े गीत प्रस्तुत किए। गीतों के माध्यम से उन्होंने छठ पर्व की धार्मिक आस्था, लोक परंपरा और सांस्कृतिक महत्व को दर्शाया। घाट पर मौजूद श्रद्धालु उनकी प्रस्तुतियों को सुनकर भावविभोर नजर आए।
राप्ती नदी के तट पर एक ओर व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने की तैयारी में जुटी थीं, वहीं दूसरी ओर मंच से गूंजते छठ गीतों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सांसद रवि किशन की प्रस्तुतियों के दौरान घाट पर उत्साह और उल्लास का माहौल रहा।















