उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रतियों ने किया छठ महापर्व का समापन
रामघाट, गोरखनाथ भीम सरोवर, तारामंडल, नौकायन और मानसरोवर सहित प्रमुख घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब
36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की, सुरक्षा और सफाई व्यवस्था से श्रद्धालु संतुष्ट
गोरखपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अंतिम दिन सोमवार की सुबह शहर के प्रमुख घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। राप्ती नदी के रामघाट, गोरखनाथ मंदिर के भीम सरोवर, तारामंडल, नौकायन और मानसरोवर सहित विभिन्न घाटों पर भोर से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय महापर्व का समापन हुआ। व्रतियों ने छठी मइया और भगवान सूर्य की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
रविवार शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के बाद से ही सोमवार सुबह की पूजा की तैयारियां शुरू हो गई थीं। भोर में घाटों पर दीपों की रोशनी, पूजन सामग्री से सजे सूप और दउरा, गन्ने के मंडप और छठ गीतों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। सूर्य की पहली किरण दिखाई देते ही व्रतियों ने जल में खड़े होकर विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया। इसके बाद 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण कर महापर्व का समापन किया।
रामघाट और गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित भीम सरोवर पर विशेष रूप से भीड़ रही। तारामंडल, नौकायन और मानसरोवर मंदिर के घाटों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। परिवार के सदस्यों ने व्रतियों के साथ पूजा-अर्चना में सहयोग किया। पारंपरिक छठ गीतों और भक्ति संगीत से घाटों का वातावरण देर तक गूंजता रहा।
सुरक्षा के लिए एनडीआरएफ, पीएसी और जल पुलिस रही मुस्तैद
महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। नदी और जलाशयों में किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एनडीआरएफ, पीएसी और जल पुलिस की टीमें स्टीमर से गश्त करती रहीं। गोताखोरों को भी सतर्क रखा गया था। घाटों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोका जा रहा था।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों के साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहे। एलआईयू की टीमें भी निगरानी करती रहीं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।
नगर निगम ने संभाली सफाई और नागरिक सुविधाओं की जिम्मेदारी
नगर निगम की टीमों ने घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था बनाए रखी। सफाई कर्मचारी लगातार सक्रिय रहे। मेले और घाटों पर परिजनों से बिछड़े बच्चों को उनके परिवार से मिलाने में भी नगर निगम की टीम ने मदद की। नगर आयुक्त अजय जैन स्वयं सफाई और नागरिक सुविधाओं की निगरानी करते रहे।
यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों, चौराहों और घाटों के आसपास यातायात पुलिस तैनात रही। श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए वाहनों का संचालन व्यवस्थित कराया गया, जिससे लोगों को अनावश्यक जाम का सामना न करना पड़े।
अधिकारियों ने घाटों पर पहुंचकर परखी व्यवस्था
व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए जिलाधिकारी दीपक मीणा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, एसपी सिटी निमिष पाटिल, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार और सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव ने गोरखनाथ घाट सहित विभिन्न प्रमुख घाटों और संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया। अधिकारियों ने सुरक्षा, सफाई, पुलिस बल की तैनाती और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
रामघाट और गोरखनाथ घाट पर एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव, एसपी क्राइम अयोध्या प्रसाद सिंह, एसीएम प्रथम पवन कुमार जायसवाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव और प्रमोद कुमार तथा सीओ कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी सहित अन्य अधिकारी व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। वहीं एसडीएम और सीओ ने अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख घाटों पर पहुंचकर सुरक्षा और अन्य इंतजामों की निगरानी की।
सुबह अर्घ्य और पूजा-अर्चना के बाद व्रतियों ने एक-दूसरे को छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। चार दिनों तक चले इस महापर्व का समापन श्रद्धा और उल्लास के बीच हुआ। सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और नागरिक सुविधाओं के लिए किए गए इंतजामों पर श्रद्धालुओं ने संतोष जताया।















