छोटी घटनाएं बड़ी न बनें, डीएम-एसपी रखें नजर : मुख्यमंत्री
जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, पुलिस-राजस्व शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। प्रार्थना पत्रों का अवलोकन करते हुए उन्होंने जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों को छोटी से छोटी घटनाओं पर भी नजर रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सूचना मिलते ही अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचें, पीड़ितों की बात सुनें और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। छोटी घटनाओं में उदासीनता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में मौजूद प्रत्येक फरियादी से मुलाकात की और उनकी शिकायतें सुनीं। प्रशासन, पुलिस, राजस्व और विद्युत समेत विभिन्न विभागों से संबंधित प्रार्थना पत्र लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरती जाए और पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। जरूरतमंद मरीजों के इलाज की व्यवस्था कराने तथा भूमाफिया और दबंगों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
पुलिस-राजस्व शिकायतों पर सख्त रुख
जनता दर्शन में पुलिस और राजस्व से संबंधित शिकायतें अधिक रहीं। मुख्यमंत्री ने पुलिस कमिश्नर, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारियों को नियमित रूप से जनसमस्याओं की समीक्षा करने और शिकायतों का निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी मातहत अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आए तो उसकी भी जांच कर कार्रवाई की जाए।
बच्चे से पूछा- कैसे हो, कहां पढ़ते हो
जनता दर्शन के दौरान मां के साथ पहुंचे एक नन्हे बच्चे से मुख्यमंत्री ने हालचाल पूछा और उसकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बच्चे को चॉकलेट दी। बाद में मजाकिया अंदाज में चॉकलेट वापस मांगने पर बच्चे ने देने से मना कर दिया, जिससे वहां मौजूद लोगों के चेहरे पर मुस्कान आ गई। मुख्यमंत्री ने बच्चे को मन लगाकर पढ़ाई करने और सुखद भविष्य का आशीर्वाद दिया।















