चोरी की बेल्डिंग मशीन और कॉपर वायर के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
खोराबार पुलिस ने चोरी का सामान किया बरामद, मुकदमे में धारा 317(2) की बढ़ोतरी
गोरखपुर। खोराबार थाना पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लाल रंग की बेल्डिंग मशीन और कॉपर वायर के चार टुकड़े बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरजीत निषाद निवासी छितौना, थाना खोराबार और राम नरायन निवासी सीरीपुरा सुखपुरा, थाना सुखपुरा, बलिया, हाल पता गोदाम बल्ली चौराहा, थाना खोराबार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 18/19 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने वादी की लाल रंग की बेल्डिंग मशीन और कॉपर वायर के चार टुकड़े चोरी कर लिए थे। सूचना मिलने के बाद पीड़ित की तहरीर पर खोराबार थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों के कब्जे से चोरी की बेल्डिंग मशीन और कॉपर वायर बरामद हुए। इसके बाद मुकदमे में धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक अमरजीत निषाद के खिलाफ खोराबार थाने में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2026 के दो तथा वर्ष 2025 और 2023 के एक-एक मामले शामिल हैं। वहीं राम नरायन के खिलाफ भी खोराबार थाने में चोरी से संबंधित एक मुकदमा दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और उनके शीघ्र खुलासे के लिए अभियान जारी है। इसी क्रम में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया गया।















