17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों के साथ की तैयारियों की समीक्षा, बोले- पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने अधिकारियों के साथ की तैयारियों की समीक्षा, बोले- पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता

रायबरेली। आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई। प्रभारी मंत्री एवं खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की कार्ययोजना, विभागीय समन्वय और जनसहभागिता समेत विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को अभियान का प्रभावी और व्यापक क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान को शासन की मंशा के अनुरूप पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ संचालित किया जाए। विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही अभियान के प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से तय की जाएं, जिससे योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी तरह की बाधा न आए।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2027 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। अभियान के दौरान सामने आने वाली शिकायतों और प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

गांव से शहर तक चलेगा जागरूकता अभियान

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए। संबंधित विभाग अपने-अपने विभाग की योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक योजनाओं से जोड़ें।

उन्होंने अभियान की गतिविधियों और प्रगति की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करने के भी निर्देश दिए। बैठक में विभागवार कार्ययोजना, जनसहभागिता, योजनाओं के प्रचार-प्रसार, लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।

बैठक में सलोन विधायक अशोक कुमार, जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका, मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, परियोजना निदेशक डीआरडीए मुनेश चंद्र, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संतोष कुमार गौतम समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Previous articleशिव भक्ति और सकारात्मक वातावरण ही समाज की ताकत : योगी आदित्यनाथ जी  ऊंचाहार में श्री शिव महापुराण कथा में शामिल हुए मुख्यमंत्री, पं. प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से सुनी कथा
Next article17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने की समीक्षा, विभागवार जिम्मेदारियां तय; पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here