यातायात पुलिस को मिले दो इंटरसेप्टर वाहन, एसपी ने दिखाई हरी झंडी
आधुनिक तकनीक से होगी ओवरस्पीडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी कार्रवाई
संतकबीरनगर। जनपद की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा उपलब्ध कराए गए दो दोपहिया इंटरसेप्टर वाहनों को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस लाइन परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक/निदेशक, यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में की गई। इंटरसेप्टर वाहनों के संचालन के लिए जनपद से दो मुख्य आरक्षी (यातायात) को नामित किया गया है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने नामित पुलिसकर्मियों को वाहन संचालन के दौरान सभी सुरक्षा मानकों एवं विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इंटरसेप्टर वाहनों के संचालन से यातायात नियमों का अधिक प्रभावी ढंग से पालन कराया जा सकेगा।
एसपी ने बताया कि इन आधुनिक वाहनों की सहायता से ओवरस्पीडिंग, लापरवाही से वाहन चलाने, यातायात नियमों के उल्लंघन तथा अन्य सड़क सुरक्षा संबंधी मामलों पर त्वरित कार्रवाई संभव होगी। इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के साथ-साथ लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस सड़क सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को तकनीकी संसाधनों से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है। नए इंटरसेप्टर वाहनों के शामिल होने से आमजन को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था की निगरानी और प्रवर्तन प्रणाली भी पहले से अधिक प्रभावी होगी।















