डीआईजी बस्ती ने की परिक्षेत्र की अपराध समीक्षा, लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण और अपराध नियंत्रण के दिए निर्देश
बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने सोमवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में बस्ती, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षकों के साथ मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण तथा विभिन्न अभियानों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान डीआईजी ने लंबित एवं आंशिक विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने, वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों, गैंगस्टर एक्ट, जिला बदर और गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) के अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चोरी और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण, गो-तस्करी की रोकथाम तथा महिला अपराध, एससी/एसटी और पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने सभी विवेचकों का एसआईडी जनरेट कराने, साइबर अपराधों के विरुद्ध जनपद स्तर पर प्रभावी कार्रवाई करने, यक्ष ऐप पर अपराधियों का सत्यापन शीघ्र पूर्ण कराने तथा बीट सूचनाओं पर थाना प्रभारी एवं क्षेत्राधिकारी की नियमित टिप्पणी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मिसिंग डेटा अपडेट करने, सीसीटीएनएस, आईजीआरएस, एनसीआरबी, कर्मयोगी पोर्टल, मुख्यमंत्री डैशबोर्ड और जेएमआईएस सहित विभिन्न पोर्टलों की नियमित निगरानी कर गुणवत्तापूर्ण कार्यवाही करने को कहा।
डीआईजी ने मुख्यमंत्री जनता दर्शन, पब्लिक ग्रीवांस रिव्यू पोर्टल एवं अन्य शिकायत पोर्टलों पर प्राप्त प्रार्थना-पत्रों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साइबर अपराध से जुड़े मोबाइल और आईएमईआई नंबर अधिकाधिक ब्लॉक कराने, आईसीजेएस, नैफिस, सीईआईआर तथा अन्य तकनीकी पोर्टलों का नियमित उपयोग बढ़ाने तथा आई-रेड ऐप पर सभी सड़क दुर्घटनाओं की फीडिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में महिला अपहृत एवं गुमशुदा व्यक्तियों की शत-प्रतिशत बरामदगी, गैंगस्टर एक्ट एवं भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की संबंधित धाराओं के तहत संपत्ति जब्ती की कार्रवाई, ऑपरेशन मजनू, ऑपरेशन साईंवज्र, आईटीएसएसओ पोर्टल पर लंबित मामलों तथा जीआरएम एवं एमआरएम पोर्टल की शिकायतों के शीघ्र निस्तारण की भी समीक्षा की गई।
इसके अलावा विभागीय अनुशासन से जुड़े लंबित प्रकरण, मृतक आश्रित नियुक्ति, चिकित्सा प्रतिपूर्ति, कम्युनिटी पुलिसिंग, दिव्यांगजनों से संवाद, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जीरो फेटलिटी डिस्ट्रिक्ट (ZFD) योजना तथा नशे के खिलाफ विशेष एक्शन प्लान तैयार कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह (बस्ती), डॉ. अभिषेक महाजन (सिद्धार्थनगर), संदीप कुमार मीना (संतकबीरनगर) सहित परिक्षेत्रीय कार्यालय के शाखा प्रभारी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।















