कांवड़ यात्रा व सावन मेले की तैयारियों को लेकर जिला शांति समिति की बैठक, डीएम बोले- लापरवाही किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं
30 जुलाई से 28 अगस्त तक चलने वाले आयोजनों के लिए प्रशासन अलर्ट, सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश
मऊ। आगामी कांवड़ यात्रा, सावन मेला एवं अन्य प्रमुख त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों, नगर निकाय के प्रतिनिधियों, व्यापार मंडल और शांति समिति के सदस्यों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि 30 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा एवं संवेदनशीलता से निर्वहन करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहारों की व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों को कांवड़ मार्गों, शिविरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल और स्वच्छता की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने तथा जर्जर तारों को समय रहते बदलने के लिए कहा गया। साथ ही सभी विभागों को त्योहारों से संबंधित शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा विभाग को होटल, ढाबों एवं रेस्टोरेंटों की नियमित जांच कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा आबकारी विभाग को शराब की दुकानों पर विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी प्रकार की अनियमितता पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने लोगों से भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील करते हुए कहा कि सभी धार्मिक आयोजनों को सकुशल संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा के लिए निर्धारित रूट पर ही आवागमन होगा। मानकों के विपरीत साउंड सिस्टम के उपयोग और नशीले पदार्थों के सेवन पर पूरी तरह रोक रहेगी। सभी कांवड़ शिविरों पर संबंधित अधिकारियों के नाम एवं मोबाइल नंबर प्रदर्शित किए जाएंगे तथा सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखे जाएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
नगर पालिका परिषद अध्यक्ष अरशद जमाल ने भरोसा दिलाया कि नगर पालिका साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा कर प्रशासन को पूरा सहयोग देगी। वहीं व्यापार मंडल प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर ओमर ने जर्जर विद्युत तारों और बिजली बिलों की विसंगतियों का मुद्दा उठाया, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रवेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट रामबाबू, सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















