वामासारथी की पहल पर पुलिस लाइन में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, डीआईजी ने किया शुभारंभ 150 से अधिक पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों ने उठाया लाभ, चिकित्सकों की टीम ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह

वामासारथी की पहल पर पुलिस लाइन में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, डीआईजी ने किया शुभारंभ

150 से अधिक पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों ने उठाया लाभ, चिकित्सकों की टीम ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह

बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र ने रविवार को पुलिस लाइन बस्ती में वामासारथी के तत्वावधान में आयोजित निःशुल्क मेडिकल, डेंटल एवं ब्लड जांच शिविर में प्रतिभाग किया। वामासारथी बस्ती की अध्यक्ष के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराना था।

शिविर में लगभग 150 से 200 पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवार के सदस्यों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ उठाया। इस दौरान सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, दंत जांच, रक्त जांच तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

डीआईजी बस्ती ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस परिवार का स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने वामासारथी द्वारा पुलिस कल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि यह पहल पुलिस परिवार के प्रति संगठन की संवेदनशीलता और स्वास्थ्य जागरूकता को दर्शाती है।

शिविर में आशा मेडिकल हेल्थ केयर एंड डेंटल केयर की डॉ. करिश्मा पाण्डेय ने मेडिकल एवं डेंटल जांच की। नारायणा डायग्नोस्टिक्स की ओर से विभिन्न प्रकार की रक्त जांच निःशुल्क की गई। वहीं टेंडर पाम सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के डॉ. राजेश (एमडी) ने विशेषज्ञ स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया।

डीआईजी ने सभी चिकित्सकों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से पुलिस परिवार को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकीं।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी लाइन, प्रतिसार निरीक्षक लाइन, प्रभारी वामासारथी सहित अनेक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous articleरोटरी क्लब संतकबीरनगर का 18वां पदग्रहण समारोह संपन्न, प्रीतपाल सिंह बने अध्यक्ष समाज सेवा के संकल्प के साथ नए पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी, चिकित्सकों और नए सदस्यों का हुआ सम्मान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here