रोटरी क्लब संतकबीरनगर का 18वां पदग्रहण समारोह संपन्न, प्रीतपाल सिंह बने अध्यक्ष समाज सेवा के संकल्प के साथ नए पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी, चिकित्सकों और नए सदस्यों का हुआ सम्मान

रोटरी क्लब संतकबीरनगर का 18वां पदग्रहण समारोह संपन्न, प्रीतपाल सिंह बने अध्यक्ष

समाज सेवा के संकल्प के साथ नए पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी, चिकित्सकों और नए सदस्यों का हुआ सम्मान

संतकबीरनगर। रोटरी क्लब संतकबीरनगर का 18वां पदग्रहण समारोह शुक्रवार को होटल सोनी इंटरनेशनल में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह मुख्य अतिथि, उपजिलाधिकारी सदर हृदयनाथ त्रिपाठी विशिष्ट अतिथि तथा रोटरी के असिस्टेंट गवर्नर लक्ष्मीकांत पांडेय विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी चार्टर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने कहा कि रोटरी क्लब समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान शिविर, चिकित्सा शिविर एवं जरूरतमंदों की सहायता जैसे कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने भविष्य में भी क्लब की जनसेवा गतिविधियों में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

विशिष्ट अतिथि एसडीएम सदर हृदयनाथ त्रिपाठी ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सामाजिक संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, अधिकाधिक वृक्षारोपण तथा प्लास्टिक मुक्त समाज के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने का आह्वान किया।

असिस्टेंट गवर्नर लक्ष्मीकांत पांडेय ने नव निर्वाचित अध्यक्ष रो. प्रीतपाल सिंह एवं मंत्री दिग्विजय नाथ पांडेय को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। निवर्तमान अध्यक्ष रो. महेश कुमार रुंगटा ने प्रीतपाल सिंह को कॉलर पहनाकर पदभार सौंपा, जबकि विजय कुमार राय ने दिग्विजय नाथ पांडेय को मंत्री पद का कॉलर पहनाकर दायित्व ग्रहण कराया।

अपने संबोधन में लक्ष्मीकांत पांडेय ने रोटरी के सेवा भाव को समाज की सबसे बड़ी पूंजी बताते हुए संत कबीर की वाणी “जो घर फूंके आपना, चले हमारे साथ” का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सदस्य अपनी क्षमता के अनुसार गरीबों की सहायता, निर्धन कन्याओं के विवाह में सहयोग तथा रोटरी फाउंडेशन में अधिकाधिक योगदान देकर समाज सेवा को नई दिशा दे सकता है।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष प्रीतपाल सिंह ने क्लब की सेवा गतिविधियों को और व्यापक बनाने का संकल्प व्यक्त किया। वहीं निवर्तमान अध्यक्ष महेश कुमार रुंगटा ने पिछले कार्यकाल की उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। चार्टर प्रेसिडेंट अजय कुमार पांडेय ने नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान क्लब में शामिल नए सदस्यों दीपक गुप्ता, संजय प्रकाश गर्ग, डॉ. हिमांशु शुक्ला, अमृत पाल सिंह एवं सैयद अब्दुल हासिम का पिन पहनाकर स्वागत किया गया। स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले डॉ. आलोक कुमार सिन्हा, डॉ. विवेक खन्ना, डॉ. अशोक कुमार चौधरी, डॉ. एन.एन. श्रीवास्तव एवं डॉ. हिमांशु शुक्ला को मोमेंटो एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन पीएचएफ रामकुमार सिंह ने किया तथा आभार ज्ञापन दिग्विजय नाथ पांडेय ने व्यक्त किया। समारोह में अखिलेन्द्र सिंह, विपिन जायसवाल, अमरेश सिंह, दुष्यंत कुमार अग्रहरि, वंदना गुप्ता, सुनीता गुप्ता, विकास गुप्ता, अनिल कुमार श्रीवास्तव, विजय कुमार राय, डॉ. ए.के. सिन्हा, उमा शंकर पांडे, डॉ. श्याम कुमार सिंह, जसवीर सिंह सहित अनेक रोटेरियन, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकार उपस्थित रहे। इंट्रैक्ट क्लब की अध्यक्ष नाजिया खातून एवं मंत्री निधि त्रिपाठी भी समारोह में मौजूद रहीं।

Previous articleगोरखपुर पुलिस में बड़ा फेरबदल, 41 पुलिसकर्मियों के तबादले निरीक्षक से लेकर उपनिरीक्षक तक को नई जिम्मेदारियां, कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की कवायद
Next articleवामासारथी की पहल पर पुलिस लाइन में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, डीआईजी ने किया शुभारंभ 150 से अधिक पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों ने उठाया लाभ, चिकित्सकों की टीम ने दी स्वास्थ्य संबंधी सलाह

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here