ज्ञान प्रताप सिंह बने सदर एसडीएम, डीएम ने सौंपी अहम जिम्मेदारी पदभार संभालते ही बोले— अपील वाली फाइलें दो दिन में अपर एसडीएम कोर्ट भेजी जाएंगी

ज्ञान प्रताप सिंह बने सदर एसडीएम, डीएम ने सौंपी अहम जिम्मेदारी

पदभार संभालते ही बोले— अपील वाली फाइलें दो दिन में अपर एसडीएम कोर्ट भेजी जाएंगी

गोरखपुर। जनपद में प्रशासनिक फेरबदल के तहत 2024 बैच के पीसीएस अधिकारी ज्ञान प्रताप सिंह ने सदर उप जिलाधिकारी (एसडीएम) का पदभार ग्रहण कर लिया। अब तक वह सदर तहसीलदार के रूप में कार्य करते हुए एसडीएम सदर का अतिरिक्त प्रभार भी संभाल रहे थे। उनकी प्रशासनिक दक्षता और प्रभावी कार्यशैली को देखते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने उन्हें सदर एसडीएम की जिम्मेदारी सौंपी है।

पदभार ग्रहण करने के बाद ज्ञान प्रताप सिंह ने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया को पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने निर्देश दिया कि तहसीलदार एवं तहसीलदार न्यायिक न्यायालय से संबंधित जिन मामलों में एसडीएम न्यायालय में अपील दायर की जाती है, उनकी सभी फाइलें अधिकतम दो दिनों के भीतर अपर एसडीएम न्यायालय को भेजी जाएं, ताकि मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।

ज्ञान प्रताप सिंह ने जुलाई 2024 में गोरखपुर में तहसीलदार के रूप में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। उन्होंने पहले कैम्पियरगंज तहसील और बाद में सदर तहसील में कार्य करते हुए राजस्व मामलों के समयबद्ध निस्तारण, जनसुनवाई और प्रशासनिक पारदर्शिता को प्राथमिकता दी। उनकी कार्यशैली के कारण उन्होंने अधिकारियों और आमजन दोनों के बीच एक सकारात्मक पहचान बनाई।

शासन ने 30 जून 2025 को उन्हें पदोन्नत कर उप जिलाधिकारी बनाया था और अयोध्या में तैनाती दी गई थी, लेकिन जिले में चल रही महत्वपूर्ण योजनाओं और प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए उन्हें गोरखपुर में ही कार्यरत रखा गया।

प्रशासनिक हलकों में माना जा रहा है कि सदर एसडीएम के रूप में उनकी नियुक्ति से राजस्व कार्यों में तेजी आएगी और जिले की प्रमुख विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन को भी नई गति मिलेगी। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और बेहतर प्रशासनिक समन्वय पर उनका विशेष फोकस रहेगा।

Previous articleपुलिस लाइन का एसपी ने किया निरीक्षण, परेड में टर्नआउट परखी, सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश अर्दली रूम में सुनी पुलिसकर्मियों की समस्याएं, त्वरित समाधान का दिया भरोसा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here