पुलिस लाइन का एसपी ने किया निरीक्षण, परेड में टर्नआउट परखी, सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश
अर्दली रूम में सुनी पुलिसकर्मियों की समस्याएं, त्वरित समाधान का दिया भरोसा
बस्ती। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी लाइन की उपस्थिति में पुलिस लाइन बस्ती में आयोजित साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया। सलामी लेने के बाद उन्होंने परेड में शामिल पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के टर्नआउट, अनुशासन और वर्दी की गुणवत्ता का निरीक्षण किया।
एसपी ने सभी पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान निर्धारित मानकों के अनुरूप वर्दी धारण करने तथा आमजन के साथ शालीन और संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली में अनुशासन और जनसंपर्क दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस लाइन स्थित शस्त्रागार, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, पुलिस अस्पताल, परिवहन शाखा, कैंटीन, भोजनालय, पुराने एवं नवनिर्मित बैरक, यातायात कार्यालय तथा डायल-112 कार्यालय का भी बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परिसर में साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा सभी मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद एसपी ने अर्दली रूम आयोजित कर पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र और प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक, पीआरओ पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।















