महिला अस्पताल से रोडवेज तिराहे तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई से जाम से मिली राहत, स्थायी समाधान के लिए नगर पालिका से होगा समन्वय

महिला अस्पताल से रोडवेज तिराहे तक चला अतिक्रमण हटाओ अभियान

ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई से जाम से मिली राहत, स्थायी समाधान के लिए नगर पालिका से होगा समन्वय

बस्ती। शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या से आम लोगों को राहत दिलाने के उद्देश्य से बुधवार को ट्रैफिक पुलिस ने जिला महिला अस्पताल से रोडवेज तिराहे तक सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, क्षेत्राधिकारी ट्रैफिक कुलदीप यादव तथा क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी के निर्देश पर यह अभियान ट्रैफिक प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी के नेतृत्व में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान सड़क की पटरी पर अवैध रूप से लगाए गए ठेलों को हटाया गया तथा सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। विशेष रूप से रोडवेज तिराहे और जिला महिला अस्पताल के आसपास हर दिन लगने वाले जाम को देखते हुए पुलिस ने अतिक्रमण करने वालों को सख्त चेतावनी भी दी।

ट्रैफिक पुलिस ने ठेला संचालकों से अपील की कि वे सड़क की पटरी पर अतिक्रमण न करें और अपने ठेले नाली के ऊपर अथवा निर्धारित स्थान पर लगाएं, ताकि राहगीरों, मरीजों और एंबुलेंस सहित अन्य वाहनों का आवागमन बाधित न हो।

ट्रैफिक प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी ने बताया कि केवल अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाना पर्याप्त नहीं है। जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द ही नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) के साथ बैठक कर संयुक्त कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके तहत सड़क किनारे अतिक्रमण रोकने, पार्किंग व्यवस्था सुधारने और यातायात को व्यवस्थित करने के उपाय किए जाएंगे।

स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि रोडवेज तिराहा और जिला अस्पताल मार्ग पर प्रतिदिन जाम लगने से मरीजों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को भारी परेशानी होती है। उनका कहना था कि यदि इस प्रकार के अभियान नियमित रूप से चलाए जाएं तो शहर में यातायात व्यवस्था काफी हद तक सुधर सकती है।

अभियान में टीएसआई अजय सिंह, सुरेश राजभर, नन्हेंलाल, रामचरण यादव, हेड कांस्टेबल अजय सिंह, चंद्रजीत यादव, कृष्णानंद पांडे, बबलू यादव सहित पीआरडी जवान और ट्रैफिक पुलिस के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Previous articleस्टेशन के सामने बिरयानी दुकान पर खाद्य विभाग की छापेमारी हानिकारक रंग और मीट की गुणवत्ता की शिकायत पर जांच, बिरयानी के नमूने लैब भेजे गए; फूड लाइसेंस भी नहीं मिला
Next articleमिशन शक्ति फेज-5 के तहत महिला थाना टीम ने चलाया जागरूकता अभियान महिलाओं को हेल्पलाइन, साइबर सुरक्षा और नए आपराधिक कानूनों की दी जानकारी, 50 लोगों से पूछताछ

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here