नगर पंचायत बखिरा ने पूरा किया दो हजार पौधारोपण का लक्ष्य, संरक्षण के लिए भी बनेगी विशेष कार्ययोजना

नगर पंचायत बखिरा ने पूरा किया दो हजार पौधारोपण का लक्ष्य, संरक्षण के लिए भी बनेगी विशेष कार्ययोजना

संतकबीरनगर। “एक पेड़ माँ के नाम” महाअभियान के अंतर्गत नगर पंचायत बाघ नगर उर्फ बखिरा ने निर्धारित दो हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। अभियान के दौरान विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, सड़कों के किनारे तथा उपलब्ध सरकारी भूमि पर छायादार, फलदार और पर्यावरण के अनुकूल पौधे लगाए गए।

नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी सीमा राय ने बताया कि वृक्ष केवल पर्यावरण की सुरक्षा का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी के दौरान ऑक्सीजन की कमी ने सभी को यह एहसास कराया कि वृक्षों का महत्व कितना अधिक है। इसलिए प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने बताया कि नगर पंचायत ने केवल पौधारोपण तक ही अभियान को सीमित नहीं रखा है, बल्कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा, सिंचाई और नियमित देखभाल के लिए भी विशेष मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है, ताकि अधिकतम पौधे जीवित रहकर भविष्य में बड़े वृक्ष बन सकें। इसके लिए संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

सीमा राय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों का भी सहयोग लिया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल अपने परिवार के सदस्य की तरह करे।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष मो. आमिर अंसारी, लिपिक सुमित रावत, नगर पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी पौधारोपण कर हरित एवं स्वच्छ नगर के निर्माण का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नगर पंचायत की एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक पहल बताया।

Previous articleसूर्या इंटरनेशनल में जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव का जोरदार स्वागत, कार्यकाल बढ़ने पर दी गई बधाई

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here