सूर्या इंटरनेशनल में जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव का जोरदार स्वागत, कार्यकाल बढ़ने पर दी गई बधाई
राजनीतिक गुरु डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने फूलमाला पहनाकर किया सम्मान, मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जिला पंचायत अध्यक्षों का कार्यकाल बढ़ाए जाने एवं उन्हें प्रशासक नियुक्त किए जाने के बाद जनपद संतकबीरनगर में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में सूर्या इंटरनेशनल स्कूल परिसर में जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जहां उनका गर्मजोशी से अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में सूर्या ग्रुप के प्रबंध निदेशक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष के राजनीतिक गुरु डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने अपने पुत्र अखंड प्रताप चतुर्वेदी के साथ बलिराम यादव का पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर स्वागत किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उन्हें बधाई देते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना की।
सूर्या इंटरनेशनल स्कूल के प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह निर्णय जनहित में है। उन्होंने विश्वास जताया कि बलिराम यादव अपने विस्तारित कार्यकाल में जिले के विकास कार्यों को और अधिक गति देंगे तथा अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराएंगे।
स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अतिरिक्त दायित्व सौंपा है, वह उस पर पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले छह महीनों में जनपद के विकास, ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित की योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने जिला पंचायत अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए जनपद के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।















