शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हुआ मोहर्रम जुलूस, प्रशासनिक व्यवस्था की हुई सराहना इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी ने अपर नगर मजिस्ट्रेट को किया सम्मानित

शांति और सौहार्द के साथ संपन्न हुआ मोहर्रम जुलूस, प्रशासनिक व्यवस्था की हुई सराहना

इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी ने अपर नगर मजिस्ट्रेट को किया सम्मानित

गोरखपुर। जनपद में मोहर्रम का जुलूस इस वर्ष शांतिपूर्ण, पारंपरिक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हो गया। विभिन्न क्षेत्रों से निकाले गए जुलूस अपने निर्धारित मार्गों से अनुशासित ढंग से गुजरे, जहां मुतवल्लियों ने प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा, यातायात और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिसके चलते पूरे जिले में अमन-चैन और भाईचारे का माहौल बना रहा।

जुलूस के दौरान सामाजिक सौहार्द और आपसी एकता की मिसाल देखने को मिली। विभिन्न समुदायों के लोगों ने भी कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया। नगर निगम और जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से साफ-सफाई, सुरक्षा और व्यवस्थाओं का संचालन सुचारू रूप से किया गया। पूरे आयोजन के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

मोहर्रम जुलूस के सफल आयोजन के बाद इमामबाड़ा मुतवल्लियान कमेटी ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कमेटी के जिला अध्यक्ष सैयद इरशाद अहमद के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में अपर नगर मजिस्ट्रेट से मुलाकात की और बेहतर प्रबंधन के लिए उनका धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस दौरान कमेटी की ओर से अपर नगर मजिस्ट्रेट को अंगवस्त्र और बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि प्रशासन के बेहतर समन्वय और सुरक्षा व्यवस्था के कारण मोहर्रम का आयोजन पूरी गरिमा और शांति के साथ संपन्न हुआ। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले त्योहारों में भी प्रशासन इसी तरह जनता के साथ समन्वय बनाकर कार्य करेगा।

सम्मान समारोह में कमेटी के जिला अध्यक्ष सैयद इरशाद अहमद, महासचिव हाजी सोहराब खान, उपाध्यक्ष शकील शाही, सैयद वसीम इकबाल, आफताब अहमद, कबीर अली, डॉ. जावेद खान, अशफाक मेकरानी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Previous articleहल्की बारिश में उखड़ी करोड़ों की सड़क, नेशनल हाईवे पर जगह-जगह बने गड्ढे मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल, स्थानीय लोगों ने की जांच और कार्रवाई की मांग
Next articleपुलिस कर्मियों को मिली नई सुविधा, नवनिर्मित भोजनालय का एसपी ने किया उद्घाटन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here