दोहरे हत्याकांड का खुलासा, महिला और उसके आठ वर्षीय नाती की हत्या का आरोपी गिरफ्तार बदायूं के कान्हा नगला गांव में हुई थी वारदात, छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला की गला दबाकर हत्या; शोर मचाने पर मासूम को भी उतारा था मौत के घाट दिल्ली में सिलाई का काम करता था आरोपी, एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से विजय नगला चौराहे से पकड़ा गया

दोहरे हत्याकांड का खुलासा, महिला और उसके आठ वर्षीय नाती की हत्या का आरोपी गिरफ्तार

बदायूं के कान्हा नगला गांव में हुई थी वारदात, छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला की गला दबाकर हत्या; शोर मचाने पर मासूम को भी उतारा था मौत के घाट

दिल्ली में सिलाई का काम करता था आरोपी, एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से विजय नगला चौराहे से पकड़ा गया

बदायूं। बिनावर थाना क्षेत्र के कान्हा नगला गांव में महिला और उसके आठ वर्षीय नाती की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की महिला से पहले से जान-पहचान थी। वह उसके घर आता-जाता था। 13 नवंबर की रात छेड़छाड़ का विरोध करने और महिला के शोर मचाने पर आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसी दौरान मौके पर पहुंचे महिला के आठ वर्षीय नाती ने घटना देख ली और शोर मचाने लगा। इसके बाद आरोपी ने मासूम की भी गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को विजय नगला चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को नूरआलम पुत्र जहूरबख्श ने बिनावर थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी समधन नियाज बानो (50) कान्हा नगला गांव में अकेली रहती थीं। 13 नवंबर की शाम वह अपनी बेटी हिना के आठ वर्षीय बेटे अफनान को अपने साथ घर ले गई थीं। अगले दिन 14 नवंबर की सुबह हिना चाय लेकर मां के घर पहुंचीं तो दरवाजा खुला मिला। अंदर नियाज बानो और अफनान के शव पड़े थे। दोनों के गले पर चोट के निशान थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में घटना के खुलासे के लिए पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की टीमें गठित की गईं। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर गांव के ही आजिम उर्फ अजीम (24) पुत्र जाकिर का नाम सामने आया। पुलिस ने उसे विजय नगला चौराहे से गिरफ्तार कर लिया।

बदनामी के डर से की दोनों की हत्या

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली में सिलाई का काम करता है और नशे का आदी है। नियाज बानो से उसकी पहले से जान-पहचान थी और वह उनके घर आता-जाता था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि वह महिला के प्रति आकर्षित था और उससे संबंध बनाना चाहता था। 13 नवंबर की रात करीब आठ बजे वह उनके घर पहुंचा और छेड़छाड़ करने लगा। महिला ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो बदनामी के डर से उसने दोनों हाथों से उनका गला दबा दिया।

इसी दौरान महिला का नाती अफनान कमरे में पहुंच गया और चिल्लाने लगा। आरोपी ने उसका भी मुंह दबाकर गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद मासूम के शव को चारपाई पर लिटाकर आरोपी वहां से चला गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी आजिम उर्फ अजीम के खिलाफ बिनावर थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 275/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू की है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम: प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार मय पुलिस टीम, एसओजी प्रभारी मय टीम और सर्विलांस प्रभारी मय टीम शामिल रहे।

Previous articleआयोग के दौरे से पहले डीएम ने कसी कमर, सबसे कमजोर बूथ की तैयारियों पर भी रहेगी नजर 26-27 नवंबर को भारत निर्वाचन आयोग के संभावित भ्रमण को लेकर निर्वाचन कार्यों की समीक्षा, 28-29 नवंबर को सभी बूथों पर फिर चलेगा विशेष अभियान ईआरओ प्रतिदिन सुपरवाइजरों के साथ करेंगे गूगल मीटिंग, बीएलओ को बूथवार लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
Next articleरेल विहार पुलिस चौकी को मिला नया भवन, डीआईजी और एसएसपी ने किया लोकार्पण नए भवन से पुलिसिंग व्यवस्था होगी मजबूत, अपराध नियंत्रण और त्वरित पुलिस सहायता में मिलेगी सहूलियत

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here