मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता के विजेताओं को डीएम-एसपी ने किया सम्मानित निबंध में सबा बानो और क्विज में आदित्य साहू रहे अव्वल, 18 नवंबर को आयोजित हुई थीं प्रतियोगिताएं

मतदाता जागरूकता प्रतियोगिता के विजेताओं को डीएम-एसपी ने किया सम्मानित

निबंध में सबा बानो और क्विज में आदित्य साहू रहे अव्वल, 18 नवंबर को आयोजित हुई थीं प्रतियोगिताएं

रायबरेली। मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के तहत आयोजित जनपद स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सोमवार को सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने विजेताओं को प्रमाण-पत्र और पुरस्कार प्रदान किए। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना था।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि मतदाता जागरूकता अभियान के माध्यम से युवाओं और भावी मतदाताओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान के महत्व की जानकारी दी जा रही है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से लोकतंत्र और मजबूत होता है।

जनपद में 18 नवंबर को आयोजित प्रतियोगिताओं में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया था। निबंध प्रतियोगिता में राणा बेनी माधव सिंह इंटर कॉलेज की सबा बानो ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज बसाढ़ की सोनी द्वितीय, जनता इंटर कॉलेज पाहो की शहरुनिशा तृतीय, पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की मानसी चतुर्थ और पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज बसाढ़ की सिमरन पंचम स्थान पर रहीं।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में जनता इंटर कॉलेज गूढ़ा शिवगढ़ के आदित्य साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज कुँवरमऊ के अभिषेक और विश्वनाथ सिंह स्मारक इंटर कॉलेज अरखा की सपना ने द्वितीय स्थान हासिल किया। जनता इंटर कॉलेज पाहो के रौनक तृतीय, हरनारायण इंटर कॉलेज ऊंचाहार की सलोनी चतुर्थ और राजकीय इंटर कॉलेज हलोर की अंशिका सिंह पंचम स्थान पर रहीं।

डीएम ने कहा कि निबंध और प्रश्नोत्तरी जैसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में निर्वाचन संबंधी जानकारी, जागरूकता और रचनात्मक सोच विकसित करती हैं। विद्यार्थी अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों तक भी मतदान का महत्व पहुंचा सकते हैं।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता की भूमिका महत्वपूर्ण है। निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए मतदाताओं का जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं जागरूक रहने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।

कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व सहदेव मिश्र, एएसपी पवन गौतम, प्रधानाचार्य एवं जिला ईएलसी कोऑर्डिनेटर डॉ. राजेश कुमार यादव सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Previous articleडलमऊ कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों की डीएम-एसपी ने की समीक्षा 23 से 25 नवंबर तक होगा आयोजन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here