आयोग के दौरे से पहले डीएम ने कसी कमर, सबसे कमजोर बूथ की तैयारियों पर भी रहेगी नजर 26-27 नवंबर को भारत निर्वाचन आयोग के संभावित भ्रमण को लेकर निर्वाचन कार्यों की समीक्षा, 28-29 नवंबर को सभी बूथों पर फिर चलेगा विशेष अभियान ईआरओ प्रतिदिन सुपरवाइजरों के साथ करेंगे गूगल मीटिंग, बीएलओ को बूथवार लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

आयोग के दौरे से पहले डीएम ने कसी कमर, सबसे कमजोर बूथ की तैयारियों पर भी रहेगी नजर

26-27 नवंबर को भारत निर्वाचन आयोग के संभावित भ्रमण को लेकर निर्वाचन कार्यों की समीक्षा, 28-29 नवंबर को सभी बूथों पर फिर चलेगा विशेष अभियान

ईआरओ प्रतिदिन सुपरवाइजरों के साथ करेंगे गूगल मीटिंग, बीएलओ को बूथवार लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

गोरखपुर। भारत निर्वाचन आयोग के 26 और 27 नवंबर को प्रस्तावित संभावित दौरे को देखते हुए जिला निर्वाचन प्रशासन ने विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचन कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन व्यवस्था की वास्तविक मजबूती का आकलन सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले बूथ से नहीं, बल्कि सबसे कमजोर बूथ की कार्यप्रणाली से होगा। इसलिए प्रत्येक बूथ पर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप काम सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी, डिप्टी डीईओ, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) के साथ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर), बीएलओ के कार्यों, नए मतदाताओं के पंजीकरण और बूथवार प्रगति की समीक्षा की गई।

डीएम ने कहा कि प्रत्येक बीएलओ अपने बूथ पर पूरी जिम्मेदारी और सक्रियता के साथ काम करे। कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। सभी ईआरओ अपने विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ के कामकाज की नियमित निगरानी करें। उन्होंने निर्देश दिया कि ईआरओ प्रतिदिन सुपरवाइजरों के साथ गूगल मीटिंग कर बूथवार लक्ष्य और कार्यों की समीक्षा करें। इसी तरह सुपरवाइजर भी अपने अधीनस्थ बीएलओ के साथ नियमित बैठक करें।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर नए मतदाताओं के पंजीकरण, लंबित आवेदनों और पात्र मतदाताओं के सत्यापन की स्थिति की प्रतिदिन समीक्षा होनी चाहिए। जिन बूथों पर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं मिल रही है, वहां विशेष ध्यान देकर कार्य में तेजी लाई जाए।

28 और 29 नवंबर को सभी बूथों पर विशेष अभियान

बैठक में बताया गया कि 21 और 22 नवंबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर एसएसआर के तहत विशेष अभियान चलाया गया था। इस दौरान बीएलओ ने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से आवेदन प्राप्त किए थे। डीएम ने इसी क्रम में 28 और 29 नवंबर को भी सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। इन दोनों दिनों में बीएलओ अपने-अपने बूथों पर अनिवार्य रूप से मौजूद रहेंगे और नए मतदाताओं के पंजीकरण के साथ छूटे हुए पात्र मतदाताओं के आवेदन प्राप्त करेंगे।

मोबाइल से भी जुड़वा सकते हैं मतदाता सूची में नाम

डीएम ने आम नागरिकों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में दर्ज नहीं है तो निर्धारित फार्म भरकर नाम जुड़वाने के लिए आवेदन करें। पहली बार मतदाता बनने वाले युवा भी अपनी पात्रता के अनुसार पंजीकरण कराएं। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या विवरण में संशोधन के लिए निर्वाचन कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। नागरिक अपने मोबाइल फोन पर वोटर हेल्पलाइन ऐप अथवा भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक मतदाता सेवा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क कर जानकारी और सहायता प्राप्त की जा सकती है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन की प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवाओं, महिलाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों तक जागरूकता अभियान पहुंचाया जाए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

डीएम ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों में मतदाता सूची की शुद्धता सबसे महत्वपूर्ण है। इसके लिए बीएलओ की सक्रियता, सुपरवाइजर की निगरानी और ईआरओ की नियमित समीक्षा जरूरी है। आयोग के संभावित दौरे को ध्यान में रखते हुए सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों की तैयारियां पूरी रखें तथा बूथवार प्रगति रिपोर्ट, पंजीकरण और लंबित आवेदनों का विवरण अद्यतन रखें।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी जय प्रकाश, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसीएम द्वितीय कुनाल रस्तोगी, मुकुल खंडेलवाल, ईआरओ/एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह, एसडीएम कैंपियरगंज आलोक रंजन सिंह, एसडीएम बांसगांव मलखान सिंह, एसडीएम गोला मनीष कुमार, एसडीएम सहजनवां नमन मेहता, एसीएम प्रथम पवन कुमार, अपर उप जिलाधिकारी सदर सुदीप तिवारी, बीएसए धीरेन्द्र तिवारी तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी शंकर मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Previous articleमतदाता जागरूकता प्रतियोगिता के विजेताओं को डीएम-एसपी ने किया सम्मानित निबंध में सबा बानो और क्विज में आदित्य साहू रहे अव्वल, 18 नवंबर को आयोजित हुई थीं प्रतियोगिताएं

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here