पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, 11 केंद्रों पर कड़ी निगरानी
7,488 अभ्यर्थियों में 5,587 हुए शामिल, 1,901 रहे अनुपस्थित
रायबरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और देदौर इंटर कॉलेज सहित कई केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, प्रवेश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा परीक्षा संचालन से जुड़े अन्य व्यवस्थागत पहलुओं की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए परीक्षा की शुचिता बनाए रखने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के 11 परीक्षा केंद्रों पर 8, 9 और 10 जून 2026 को दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं तथा सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लगातार भ्रमण कर निगरानी कर रहे हैं।
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ ने बताया कि प्रथम पाली में 3,744 अभ्यर्थियों में से 2,783 उपस्थित और 961 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 3,744 अभ्यर्थियों में से 2,804 अभ्यर्थी उपस्थित हुए, जबकि 940 अनुपस्थित रहे।
इस प्रकार दोनों पालियों को मिलाकर कुल 7,488 अभ्यर्थियों में से 5,587 ने परीक्षा दी, जबकि 1,901 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का दावा किया है।















