ब्रह्मभोज में खूनी विवाद: बड़े भाई ने छोटे भाई को मारी गोली, मौत
मां की तेरहवीं के दौरान खर्च को लेकर हुआ झगड़ा, शादी से पहले उजड़ा घर
गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के जंगल धूषण बड़की रेतवाहिया गांव में मंगलवार को मां के ब्रह्मभोज के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खर्च को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, परिवार में मां की तेरहवीं (ब्रह्मभोज) का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान भाइयों के बीच कार्यक्रम के खर्च को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बड़े भाई दुर्गविजय शर्मा ने कथित तौर पर अपने छोटे भाई सत्यप्रकाश उर्फ शुभम शर्मा (23) पर गोली चला दी। गोली शुभम के सीने में लगी और वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
परिजन आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया। वहीं परिवार के एक अन्य सदस्य ने आक्रोश में मृतक की स्कूटी को फावड़े से क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बताया जा रहा है कि शुभम की मई माह में सगाई हुई थी और फरवरी 2027 में उसकी शादी निर्धारित थी। उसकी मौत की खबर मिलते ही मंगेतर और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार, मां के निधन के बाद पूरा परिवार शोक में था और ब्रह्मभोज की तैयारियों में जुटा हुआ था। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि तेरहवीं का दिन ही परिवार के लिए ऐसी त्रासदी लेकर आएगा। इस दर्दनाक घटना से गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
शेष जानकारियां अपडेट की जाएगी















