जनसुनवाई में एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
समयबद्ध व निष्पक्ष निस्तारण के दिए निर्देश, जनविश्वास बढ़ाने पर जोर
संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों, मारपीट, उत्पीड़न तथा अन्य समस्याओं से जुड़ी शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत कीं। एसपी ने प्रत्येक शिकायत का अवलोकन करते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और पारदर्शिता बनाए रखी जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, जिससे उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत बनाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान और बेहतर पुलिसिंग के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनसुनवाई के दौरान संबंधित शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।















