पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा शुरू, पहले दिन 28,237 अभ्यर्थी हुए शामिल
38,928 में से 10,691 परीक्षार्थी रहे अनुपस्थित, तीन दिनों में 1.16 लाख से अधिक अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा का शुभारंभ सोमवार से जनपद गोरखपुर में शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हुआ। यह परीक्षा 8 से 10 जून तक जिले के 44 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दिए।
पहले दिन दो पालियों में आयोजित परीक्षा में कुल 38,928 अभ्यर्थियों को शामिल होना था, लेकिन इनमें से 28,237 अभ्यर्थी ही परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 10,691 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
प्रथम पाली में निर्धारित 19,464 अभ्यर्थियों में से 14,037 परीक्षार्थी उपस्थित हुए तथा 5,427 अनुपस्थित रहे। वहीं द्वितीय पाली में 14,200 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 5,264 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए।
जिला प्रशासन के अनुसार तीन दिनों तक चलने वाली इस भर्ती परीक्षा में कुल 1,16,784 अभ्यर्थी छह पालियों में परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रवेश द्वारों पर सघन जांच, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी तथा पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है।
परीक्षा के पहले दिन मंडलायुक्त, डीआईजी, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एडीएम सिटी एवं एसपी सिटी सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने बताया कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है। अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए विशेष यातायात व्यवस्था भी लागू की गई है।
पहले दिन परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रशासन आगामी पालियों को भी इसी प्रकार व्यवस्थित और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सतर्कता बरत रहा है।















