स्वच्छता कार्यों में लापरवाही पर नगर आयुक्त सख्त, ब्लैकलिस्टिंग और एफआईआर के निर्देश

स्वच्छता कार्यों में लापरवाही पर नगर आयुक्त सख्त, ब्लैकलिस्टिंग और एफआईआर के निर्देश

 

गोरखपुर। शहर की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नगर निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) के अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त अजय जैन ने सफाई व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण और विभिन्न एजेंसियों के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में नगर आयुक्त ने सभी नालों की शत-प्रतिशत तली झाड़ सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन नालों पर स्लैब लगे हैं, वहां बांस और अन्य उपयुक्त साधनों की मदद से नीचे जमा सिल्ट और कूड़े को निकाला जाए। साथ ही बरसात शुरू होने से पहले सभी निर्माणाधीन नालों को पूर्ण रूप से जोड़कर जलभराव की समस्या से निपटने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

कूड़ा प्रबंधन की समीक्षा के दौरान नगर आयुक्त ने गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन (जीटीएस) तक पहुंचने वाली सभी गाड़ियों की वेट स्कैनिंग और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी अनिवार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे कूड़ा निस्तारण प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण होगा।

बैठक में एसबीएम के अंतर्गत कार्यरत विभिन्न फर्मों के प्रदर्शन की भी समीक्षा की गई। जेएस एनवायरमेंट फर्म द्वारा गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन संचालन, रात्रिकालीन सफाई एवं स्वेपिंग मशीन कार्य में अपेक्षित गुणवत्ता न मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। वहीं डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण में लापरवाही बरतने वाले ड्राइवरों और हेल्परों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।

एमआरएफ सेंटरों के संचालन में कमियां मिलने पर देवेश ट्रेडिंग कंपनी को चेतावनी जारी की गई। वहीं फ्रेश वेस्ट के निस्तारण में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर हेराइजन सॉल्यूशन फर्म के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे ब्लैकलिस्ट करने तथा एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही नई एजेंसी के चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने को कहा गया।

नगर आयुक्त अजय जैन ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सभी एजेंसियों को पूरी जिम्मेदारी और जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा। निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता पूर्ण कार्य सुनिश्चित न करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी कर स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

Previous article25 किलो जीरा चोरी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार रामगढ़ताल पुलिस ने चोरी का माल किया बरामद, आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास
Next articleसाइबर ठगी के शिकार 6 लोगों को मिली राहत, 44 हजार रुपये से अधिक की रकम वापस एम्स थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से पीड़ितों के खातों में लौटे ₹44,825

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here