सड़क हादसे में बैंककर्मी की मौत, बैंक कर्मचारियों में शोक की लहर
मगहर पुलिस चौकी के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को मारी टक्कर
संतकबीरनगर। खलीलाबाद नगर सहकारी बैंक लिमिटेड के कर्मचारी रविंद्र यादव की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही बैंक कर्मचारियों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के बेलवनिया गांव निवासी 30 वर्षीय रविंद्र यादव पुत्र सदानंद यादव खलीलाबाद नगर सहकारी बैंक लिमिटेड की प्रधान कार्यालय/मुख्य शाखा की कलेक्ट्रेट ब्रांच में कार्यरत थे। शनिवार देर रात वह बाइक से मगहर गए थे। वहां से वापस लौटते समय मगहर पुलिस चौकी के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों एवं पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
रविंद्र यादव के निधन की खबर मिलते ही बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गहरा शोक व्यक्त किया। खलीलाबाद नगर सहकारी बैंक लिमिटेड के सचिव राजेश प्रकाश मिश्रा, शाखा प्रबंधक शशि भूषण पांडेय समेत कई कर्मचारी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
बैंक अधिकारियों ने कहा कि रविंद्र यादव बेहद मिलनसार, कर्मठ और जिम्मेदार कर्मचारी थे। उनके असमय निधन से बैंक परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है।















