जिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता 2026 में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
200 से अधिक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन, विजेताओं को किया गया सम्मानित
गोरखपुर। जिला टेबल टेनिस एसोसिएशन एवं मेट्रोपोलिटन स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला टेबल टेनिस प्रतियोगिता-2026 उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारम्भ शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं समाजसेवी शोभित मोहन दास तथा मेट्रोपोलिटन स्कूल के निदेशक श्रवण गंभीर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि टेबल टेनिस केवल खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, एकाग्रता और त्वरित निर्णय क्षमता विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
प्रतियोगिता के समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में गोरखपुर टेबल टेनिस एसोसिएशन के अध्यक्ष ए. हेनरी, उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह सैनी तथा प्रोफेसर विजय चहल ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और खेल भावना ही सफलता की कुंजी है।
प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों में 200 से अधिक मुकाबले खेले गए। पुरुष वर्ग में वार्तिक दत्त त्रिपाठी ने प्रथम और आशीष जायसवाल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में सौम्या शुक्ला विजेता रहीं, जबकि सुकृति शुक्ला उपविजेता बनीं।
अंडर-19 बॉयज वर्ग में अखिल कुमार, अंडर-17 बॉयज में वार्तिक दत्त त्रिपाठी, अंडर-15 बॉयज में अनय सिंह तथा अंडर-13 बॉयज में भी अनय सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। वहीं गर्ल्स वर्ग में सौम्या शुक्ला, सुकृति शुक्ला, दिविशा सिंघानिया और वीरिका पाण्डेय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में सचिव विनीत चौरसिया, मीडिया प्रभारी दुर्गेश चौधरी, मुख्य निर्णायक अमित यादव, राजकमल एवं अवनीश शर्मा का विशेष योगदान रहा।















