सरयू नदी में दर्दनाक हादसा: स्नान के दौरान भाई-बहन समेत दो बच्चों की डूबकर मौत, गांव में मातम
गोरखपुर।गोरखपुर के गोला थाना क्षेत्र के मेहड़ा गांव के पास रविवार सुबह सरयू नदी में स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में एक बालक और एक किशोरी की डूबकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चों को ग्रामीणों ने समय रहते बचा लिया। मृतक दोनों आपस में सगे भाई-बहन बताए जा रहे हैं और अपने ननिहाल आए हुए थे।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मथुरा प्रसाद की पुत्री विनीता की शादी उरुवा थाना क्षेत्र के उसरी गांव में हुई है। वह करीब एक सप्ताह पूर्व अपने तीन बच्चों के साथ मायके मेहड़ा आई थीं। रविवार सुबह उनकी 14 वर्षीय पुत्री शिवानी, 12 वर्षीय पुत्र प्रिंस और गांव की 15 वर्षीय बालिका माया सरयू नदी में स्नान करने पहुंचे थे।
स्नान के दौरान अचानक तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर मौजूद एक बच्ची के शोर मचाने पर गांव के युवक चंद्रमल यादव तुरंत नदी में कूद पड़े और साहस दिखाते हुए माया तथा प्रिंस को बाहर निकाल लिया। माया को सुरक्षित बताया गया, जबकि गंभीर अवस्था में प्रिंस को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसी बीच डूबी हुई शिवानी का काफी देर तक पता नहीं चल सका। ग्रामीणों ने लगभग दो घंटे की तलाश के बाद उसका शव नदी से बरामद किया। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। उपजिलाधिकारी गोला अमित जायसवाल ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद हादसा है। उन्होंने बताया कि दोनों मृतकों के परिजनों को राज्य आपदा मोचक निधि से आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना पर शोक जताते हुए नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संकेतों को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो।















