बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक: डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश
संतकबीरनगर। आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और परंपरागत तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी एवं शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने उपस्थित प्रबुद्धजनों और विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों से संवाद करते हुए अपील की कि त्यौहार पूरी तरह परंपरागत तरीके से ही मनाया जाए और किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी किसी भी स्थिति में न हो तथा कुर्बानी खुले स्थानों पर न की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कुर्बानी के बाद अपशिष्ट का उचित निस्तारण किया जाए और इसे खुले में न फेंका जाए। साथ ही विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि प्रमुख नमाज मार्गों का निरीक्षण कर जर्जर तारों की मरम्मत समय से कर ली जाए तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। नगर निकायों और जिला पंचायत राज विभाग को साफ-सफाई, चूना छिड़काव और स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि त्योहार के दौरान सभी विभागीय अधिकारी सतर्क रहें और अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करें, किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कहा कि बकरीद पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुर्बानी केवल निर्धारित स्थलों पर ही हो और खुले में किसी भी स्थिति में न की जाए। साथ ही अपशिष्ट निस्तारण के लिए गहरे गड्ढों में ब्लीचिंग, चूना और नमक का उपयोग कर सुरक्षित ढंग से निपटान कराया जाए।
एसपी ने सख्त चेतावनी दी कि कुर्बानी से संबंधित फोटो या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड न किया जाए, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि माहौल खराब करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के अंत में डीएम और एसपी ने सभी को बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।















