जिला सड़क सुरक्षा बैठक: डीएम सख्त, सुधार कार्यों पर जोर

जिला सड़क सुरक्षा बैठक: डीएम सख्त, सुधार कार्यों पर जोर

 

संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह तथा अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने एनएचएआई मार्गों पर झाड़ियों की सफाई, पटरी व नाली मरम्मत तथा अवैध कट्स को बंद करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्घटना की स्थिति में एंबुलेंस और क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

परिवहन विभाग और यातायात पुलिस को निर्देशित किया गया कि गलत साइड और नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर नियमित कार्रवाई की जाए। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित मालवाहक वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर और रेडियम पट्टी लगाने का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

डीएम ने मुख्य चौराहों पर ट्रैफिक लाइट लगाने और सभी सुरक्षा संकेतकों को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। ब्लैक स्पॉट पर टेबल टॉप रम्बल स्ट्रिप बनाने तथा हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को अनिवार्य रूप से लागू कराने पर भी जोर दिया गया।

उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालान और विधिक कार्रवाई की जाए तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। परिवहन विभाग को जनपद के सभी स्कूल वाहनों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने और अनफिट वाहनों को तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने ब्रेकर और संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड और स्पीड स्लो संकेत लगाने पर बल दिया। बैठक में टैक्सी स्टैंड के सुचारू संचालन पर भी चर्चा की गई।

बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और सड़क सुरक्षा को प्रभावी बनाने के लिए समन्वित प्रयासों का भरोसा दिलाया गया।

Previous articleबकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक: डीएम-एसपी ने दिए सख्त निर्देश
Next articleCM GRID फेज-4: नगर आयुक्त का स्थलीय निरीक्षण, आधुनिक सड़क निर्माण पर जोर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here