प्रेम प्रसंग में हाईवोल्टेज ड्रामा: शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ीं दो युवतियां, घंटों मशक्कत के बाद पुलिस ने सुरक्षित उतारा
महराजगंज। कोतवाली थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेम प्रसंग से नाराज दो युवतियां मोबाइल टावर पर चढ़ गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी भीड़ जुट गई और काफी देर तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने दोनों युवतियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
पुलिस के मुताबिक, युवतियों की पहचान मनप्रीत और सोनिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनप्रीत ने पहले एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके चलते युवक जेल भी गया था। बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया, लेकिन युवती अब उसी युवक से शादी की मांग कर रही थी। मांग पूरी न होने से नाराज होकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
वहीं दूसरी युवती सोनिया का भी एक युवक से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। युवक के परिजनों द्वारा रिश्ते का विरोध किए जाने से आहत होकर उसने भी टावर पर चढ़कर विरोध जताया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया। घंटों की मशक्कत के बाद दोनों युवतियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया।
पुलिस का कहना है कि दोनों युवतियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुटी रही, जिससे क्षेत्र में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।















