सीएम योगी के संभावित दौरे से पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निरीक्षण, तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट
डीएम दीपक मीणा ने अधिकारियों संग लिया व्यवस्थाओं का जायजा, निर्माण कार्य में तेजी के निर्देश
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी जी के 16 मई को संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में ताल नन्दौर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का जिलाधिकारी दीपक मीणा ने संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, नगर आयुक्त अजय जैन, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, एडीएम प्रशासन सहदेव मिश्रा, एसडीएम सदर दीपक गुप्ता तथा एसडीएम बांसगांव प्रदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम ने स्टेडियम निर्माण की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के अनुरूप तेजी से पूरा कराया जाए और सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित हों।
गौरतलब है कि ताल नन्दौर में बनने वाला यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम लगभग 392.94 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। करीब 50 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे इस आधुनिक स्टेडियम में 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। परियोजना के अंतर्गत 11 अत्याधुनिक पिचें, आधुनिक ड्रेसिंग रूम, खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं तथा लगभग 1500 वाहनों की पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाएगी।
प्रशासन के अनुसार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को दिसंबर 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्टेडियम निर्माण पूरा होने के बाद गोरखपुर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिताओं की मेजबानी का अवसर मिलेगा, जिससे पूर्वांचल के खेल प्रतिभाओं को भी नई पहचान मिलेगी।















