नवागत नगर आयुक्त अजय जैन ने संभाली कमान, विभागों का किया औचक निरीक्षण
गोरखपुर। अजय जैन ने पदभार ग्रहण करते ही सख्त तेवर दिखाते हुए नगर निगम के विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यों को पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ निभाएं।
नगर आयुक्त ने विभिन्न शाखाओं में लंबित फाइलों, कार्यों के निस्तारण तथा जनसमस्याओं से जुड़े मामलों की गहन समीक्षा की। उन्होंने कहा कि नगर निगम की सेवाएं सीधे आम जनता से जुड़ी होती हैं, इसलिए हर कार्य समयबद्ध और पारदर्शी होना चाहिए।
उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, सभी कर्मचारियों को कार्यालय समय का पालन करने और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गोरखपुर नगर निगम की व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने सफाई, जल निकासी, सड़क और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और निगम की छवि सुधारने का आह्वान किया।
नगर आयुक्त के इस सख्त रुख से नगर निगम की कार्य संस्कृति में सुधार और सेवाओं की गुणवत्ता में बढ़ोतरी की उम्मीद जताई जा रही है।















