स्वास्थ्य सेवाओं पर डीएम सख्त, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

स्वास्थ्य सेवाओं पर डीएम सख्त, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

 

रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (DHS) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें जनपद में संचालित स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया गया।

बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), टीकाकरण अभियान, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार नियोजन, संचारी रोग नियंत्रण अभियान और आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन प्रभावी और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने मातृ मृत्यु दर (MMR) और शिशु मृत्यु दर (IMR) में कमी लाने पर विशेष जोर देते हुए संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने, हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कुपोषण से निपटने के लिए स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाने को कहा।

टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए उन्होंने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के लिए छूटे हुए बच्चों और गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाने तथा जनजागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।

डीएम ने अस्पतालों में दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता बनाए रखने, मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा देने और साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने समय पर जांच और इलाज सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवीन चंद्रा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अरविंद कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी सौम्यशील सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous articleगोवंश संरक्षण पर डीएम सख्त, गौशालाओं में बेहतर व्यवस्था के निर्देश
Next article2 लाख की ठगी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here