डलमऊ कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों की डीएम-एसपी ने की समीक्षा
23 से 25 नवंबर तक होगा आयोजन, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
रायबरेली। डलमऊ में आयोजित होने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेला एवं मुख्य स्नान पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान 23, 24 और 25 नवंबर को होने वाले आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों के प्रति ब्रीफ किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। श्रद्धालुओं को आवागमन, स्नान और दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से जुड़ी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने मेले के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी से ड्यूटी करने को कहा। उन्होंने भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा मेला जिले का महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है। इसलिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ काम करते हुए आयोजन को सकुशल संपन्न कराएं।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सहदेव मिश्र, अपर जिलाधिकारी न्यायिक विशाल यादव, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, एसडीएम डलमऊ श्याममणि त्रिपाठी, सीओ डलमऊ गिरिजा शंकर त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।















