गोवंश संरक्षण पर डीएम सख्त, गौशालाओं में बेहतर व्यवस्था के निर्देश

गोवंश संरक्षण पर डीएम सख्त, गौशालाओं में बेहतर व्यवस्था के निर्देश

रायबरेली। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गोवंश संरक्षण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निराश्रित गोवंश के भरण-पोषण, संरक्षण और प्रबंधन की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने जनपद की गौशालाओं की स्थिति, क्षमता और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि सभी गौशालाओं में पर्याप्त चारा, स्वच्छ पेयजल और समुचित चिकित्सकीय सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गोवंश के रख-रखाव में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गर्मी को देखते हुए डीएम ने सभी गौशालाओं में लू और हीट वेव से बचाव के लिए आवश्यक इंतजाम समय से पूरा करने को कहा। साथ ही गेहूं की कटाई के बाद भूसे का कम से कम छह माह का भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को गोवंश संरक्षण के लिए आवंटित बजट का पारदर्शी और प्रभावी उपयोग करने, गौशालाओं का नियमित निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।

पशु चिकित्सा विभाग को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि गोवंश का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और उपचार सुनिश्चित किया जाए तथा बीमार और कमजोर पशुओं की विशेष देखभाल की जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा, उपायुक्त श्रम रोजगार प्रमोद कुमार, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. कुलदीप द्विवेदी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका स्वर्ण सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous articleडुमरी में धूमधाम से मना राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस
Next articleस्वास्थ्य सेवाओं पर डीएम सख्त, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here