2 लाख की ठगी का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 2 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 56 हजार रुपये नकद, एक स्विफ्ट कार और बिना नंबर प्लेट की प्लेटिना बाइक बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने बताया कि 24 अप्रैल को ग्राम बयारा से संयुक्त टीम ने आरोपियों को दबोचा। गिरफ्तार अभियुक्तों में ओमकार चौधरी उर्फ बब्बू, पिंटू, रामबहादुर शर्मा और रामनयन यादव शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 22 अप्रैल को गोंडा निवासी देवेंद्र कुमार भारती ने तहरीर देकर बताया था कि वह शादी के कपड़े खरीदने खलीलाबाद आए थे। नेदुला चौराहे पर मिले एक युवक ने बाजार दिखाने के बहाने उन्हें तहसील के पास ले जाकर उनके बैग में रखे 2 लाख रुपये अपने साथियों की मदद से लेकर फरार हो गया था।
इस दौरान एक स्विफ्ट कार मौके पर पहुंची, जिसमें सवार अन्य आरोपी उसे लेकर भाग निकले। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।















