गोण्डा में होमगार्ड परीक्षा को लेकर सख्ती, एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

गोण्डा में होमगार्ड परीक्षा को लेकर सख्ती, एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था

गोण्डा। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने गुरुवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश, चेकिंग/फ्रिस्किंग प्रक्रिया और परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच कर निगरानी व्यवस्था को मजबूत रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित किया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में कराई जाए। अभ्यर्थियों की सघन जांच सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए।

एसपी ने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने बताया कि 25 से 27 अप्रैल तक आयोजित होने वाली इस परीक्षा में जनपद के 14 केंद्रों पर कुल 33,120 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी, जिसमें प्रत्येक पाली में 5,520 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।

परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था के तहत 2 अपर पुलिस अधीक्षक, 3 क्षेत्राधिकारी, 40 निरीक्षक, 101 उपनिरीक्षक सहित कुल 449 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी लगाए गए हैं।

प्रशासन और पुलिस के समन्वय से परीक्षा को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।

Previous articleहोमगार्ड परीक्षा से पहले कासगंज में सख्ती, डीएम-एसपी ने परखी तैयारियां

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here