होमगार्ड परीक्षा से पहले कासगंज में सख्ती, डीएम-एसपी ने परखी तैयारियां
कासगंज। जनपद में 25 अप्रैल से आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी प्रणय सिंह और पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने गुरुवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पी.एम. राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, एसकेएम इंटर कॉलेज, गणेश इंटर कॉलेज तथा संत तुलसीदास इंटर कॉलेज, सोरों में व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम और स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा का बारीकी से निरीक्षण किया।
डीएम-एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की नकल या फर्जीवाड़ा बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसी किसी भी सूचना पर तत्काल कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी और लगातार भ्रमणशील रहकर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने, परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति व्यवस्था कायम रखने तथा राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ईवीएम स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सुरक्षा के सभी मानकों का शत-प्रतिशत पालन हो और सभी उपकरण पूरी तरह कार्यशील रहें, ताकि किसी भी प्रकार की चूक की गुंजाइश न रहे।















