होमगार्ड परीक्षा से पहले डीएम-एसपी का सख्त निरीक्षण, तैयारियों पर नजर
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश होमगार्ड एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने खलीलाबाद स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, एचआरपीजी कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, नेहरू कृषक इंटर कॉलेज और प्रहलाद राय बनारसी लाल बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज सहित अन्य केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था, व्यवस्थापन और परीक्षा से जुड़ी तैयारियों का गहन जायजा लिया।
अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता हर हाल में बरकरार रखी जाए। अभ्यर्थियों के सुगम और व्यवस्थित प्रवेश के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगने देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, नकल या अनुचित गतिविधि को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारियों को सतर्कता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने आश्वस्त किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर ली गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।















