जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं, विशेष टीम बनाकर निस्तारण के निर्देश

जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं, विशेष टीम बनाकर निस्तारण के निर्देश

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी व्यक्ति की जमीन पर दबंगों का कब्जा हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष टीम गठित कर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और दोषियों को कड़ी कानूनी सजा दी जाए।

गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 200 फरियादियों की समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के बाहर स्वयं पहुंचकर उन्होंने एक-एक व्यक्ति से संवाद किया और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए।

भूमि विवाद के मामलों को गंभीरता से लेते हुए सीएम ने कहा कि जमीन का मालिकाना हक उसके वास्तविक स्वामी को ही मिलना चाहिए। अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए जमीन को तत्काल कब्जामुक्त कराया जाए।

जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेडिकल इस्टीमेट की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर शासन को भेजी जाए।

पुलिस से जुड़े मामलों में भी मुख्यमंत्री ने पारदर्शिता और निष्पक्षता पर जोर देते हुए कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को पीड़ितों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Previous articleगोरखपुर को 1054 करोड़ की सौगात, 470 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
Next articleहोमगार्ड परीक्षा से पहले डीएम-एसपी का सख्त निरीक्षण, तैयारियों पर नजर

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here