डीएम की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा बैठक, युवा उद्यमियों को सम्मानित
संतकबीरनगर। डीएम आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
बैठक में उपायुक्त उद्योग एवं सदस्य सचिव राजकुमार शर्मा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जनपद का लक्ष्य 1600 युवा उद्यमियों को ऋण उपलब्ध कराना निर्धारित किया गया है, जिसे सभी बैंकों को भेज दिया गया है।
जिलाधिकारी आलोक कुमार ने सभी बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों, जिला समन्वयकों और शाखा प्रबंधकों को सख्त निर्देश दिए कि योजना के तहत लंबित ऋण आवेदनों का निस्तारण एक सप्ताह के अंदर सुनिश्चित करें। उन्होंने अग्रणी जिला प्रबंधक पवन कुमार सिन्हा (SBI लीड बैंक) को विशेष रूप से निर्देशित किया कि उद्योग विभाग की योजनाओं में लंबित आवेदनों का फॉलो-अप करें और समयबद्ध तरीके से ऋण स्वीकृति एवं वितरण कराएं।
मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने भी अग्रणी जिला प्रबंधक तथा सभी जिला बैंक समन्वयकों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करें और योजना की निरंतर समीक्षा करते हुए लक्ष्य हासिल करने के प्रयास तेज करें।
सम्मान समारोह:
बैठक में जिलाधिकारी आलोक कुमार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में अच्छा प्रदर्शन करने वाले अग्रणी जिला प्रबंधक पवन कुमार सिन्हा, क्षेत्रीय प्रबंधक विजय प्रसाद (उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक) तथा संबंधित जिला बैंक समन्वयकों और शाखा प्रबंधकों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के सफल युवा उद्यमियों को भी जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में उपायुक्त उद्योग राजकुमार शर्मा सहायक आयुक्त उद्योग जितेंद्र कुमार गौतम, अग्रणी जिला प्रबंधक पवन कुमार सिन्हा तथा विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक उपस्थित रहे।















