डीएम हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक

डीएम हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक

 

रायबरेली। जनगणना-2027 के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। 

जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 देश की पहली पूर्णतः डिजिटल जनगणना होगी। प्रगणक विशेष मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से स्मार्टफोन पर परिवारों से आंकड़े एकत्र करेंगे। साथ ही नागरिकों को वेब पोर्टल के जरिए स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।

जनगणना दो चरणों में होगी। प्रथम चरण में मकानों की सूचीकरण, उनकी स्थिति और सुविधाओं की जानकारी ली जाएगी। द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति की सामाजिक, आर्थिक और जनसांख्यिकीय जानकारी एकत्र की जाएगी।

डीएम हर्षिता माथुर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध और समन्वय के साथ पूरी की जाएं। प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स की तैनाती सीएमएमएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि आंकड़ों की शुद्धता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता सर्वोपरि रहे। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गोवंश संरक्षण समिति की बैठक भी सम्पन्न

इसी दिन जिलाधिकारी हर्षिता माथुर की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय गोवंश संरक्षण एवं अनुश्रवण समिति की बैठक भी हुई। बैठक में सभी गोआश्रय स्थलों की ब्लॉकवार समीक्षा की गई।

डीएम ने निर्देश दिए कि गोआश्रयों में हरा चारा, पानी, चिकित्सा, शेड और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संक्रामित पशुओं को अलग रखकर उपचार कराया जाए। गर्मी के मौसम में लू और हीटवेव से बचाव के पूरे प्रबंध किए जाएं। जलभराव की समस्या का बरसात से पहले निस्तारण कराया जाए। मृत गोवंश का उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

गोशालाओं में खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों को तुरंत ठीक कर निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। गोआश्रयों को स्वावलंबी बनाने के लिए वर्मीकम्पोस्ट, गोबर से बनी वस्तुओं (काष्ठ, दीपक, पेंट आदि) के निर्माण की व्यवस्था करने को कहा गया।

दोनों बैठकों में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता अपर जिलाधिकारी अमृता सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल कुमार शर्मा डीएफओ प्रखर मिश्रा, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप कुमार द्विवेदी सहित समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous articleडीआईजी संजीव त्यागी ने सिद्धार्थनगर में छात्राओं को साइबर अपराध व महिला सुरक्षा पर जागरूक किया
Next articleडीएम की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा बैठक, युवा उद्यमियों को सम्मानित

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here