डीआईजी संजीव त्यागी ने सिद्धार्थनगर में छात्राओं को साइबर अपराध व महिला सुरक्षा पर जागरूक किया
संतकबीरनगर/सिद्धार्थनगर। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के साथ ‘मिशन शक्ति अभियान 5.0’ (द्वितीय चरण) के तहत शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय, शोहरतगढ़ में एक वृहद जागरूकता कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बढ़ते साइबर अपराधों से छात्र-छात्राओं को अवगत कराना और महिलाओं-बालिकाओं को आत्मरक्षा एवं कानूनी अधिकारों के प्रति सशक्त बनाना था। डीआईजी संजीव त्यागी ने संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में तकनीक के लाभ के साथ चुनौतियां भी बढ़ रही हैं। उन्होंने छात्राओं को डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया हैकिंग, फिशिंग जैसे साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और सावधान रहने की सलाह दी।
डीआईजी ने बताया कि प्रत्येक थाने पर महिलाओं और बालिकाओं की समस्याओं को सुनने व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने छात्राओं को इंटरनेट पर अनजान लिंक पर क्लिक न करने, सोशल मीडिया अकाउंट को प्राइवेट रखने तथा किसी को व्यक्तिगत जानकारी या OTP साझा न करने की सलाह दी। आपात स्थिति में तत्काल सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930, 1090, 112, 1076, 1098, 108/102 आदि के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर प्रशांत कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी, प्रभारी निरीक्षक शोहरतगढ़ नवीन कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना भाग्यवती पाण्डेय, कॉलेज प्रबंधन के पदाधिकारी, भारी संख्या में छात्र-छात्राएं और शिक्षक उपस्थित रहे।















