डॉ. सरगम चतुर्वेदी बनीं एमबीबीएस: सूर्या ग्रुप में जश्न, बेटी की सफलता पर मना गौरव का अवसर
संतकबीरनगर। जनपद के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान सूर्या ग्रुप के कैंपस में आज खुशी और गर्व का माहौल रहा। सूर्या ग्रुप के निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी की सुपुत्री सरगम चतुर्वेदी के डॉक्टर बनने पर भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस उपलब्धि ने न केवल चतुर्वेदी परिवार, बल्कि पूरे सूर्या ग्रुप और जनपद का मान बढ़ाया है।
समारोह की शुरुआत उत्साहपूर्ण वातावरण में हुई। जैसे ही डॉ. सरगम चतुर्वेदी कैंपस पहुंचीं, स्टाफ और गणमान्य नागरिकों ने फूल-मालाओं और गुलदस्तों से उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत केक काटने की रस्म से हुई। इस भावुक पल में डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, सूर्या ग्रुप की निदेशिका सविता चतुर्वेदी, छोटे भाई एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश चतुर्वेदी तथा राजन एकेडमी बस्ती की निदेशिका शिखा चतुर्वेदी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा, “एक पिता के लिए इससे बड़ा गर्व और क्या हो सकता है कि उसकी बेटी समाज की सेवा के लिए डॉक्टर जैसे पवित्र पेशे को चुने। सरगम की यह सफलता उन सभी बेटियों के लिए प्रेरणा है जो कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पित हैं।”
कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों शुभचिंतकों, शिक्षाविदों और गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। सभी ने डॉ. सरगम को बधाई दी और उनके सेवा भाव की सराहना की। समारोह के दौरान कैंपस में उत्सव का माहौल रहा और मिठाई बांटकर खुशियां मनाई गईं।















