खलीलाबाद कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण: एसपी संदीप कुमार मीना सख्त, शस्त्र खुलवाकर ली जांच

संतकबीरनगर। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने खलीलाबाद शहर कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की समग्र व्यवस्थाओं, रिकॉर्ड रखरखाव, विवेचनाओं की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।
एसपी ने थाने में तैनात पुलिसकर्मियों से उनके शस्त्र खुलवाकर जांच की और हथियारों की स्थिति, रखरखाव तथा लाइसेंस की वैधता का अवलोकन किया। निरीक्षण में कोतवाली के अभिलेखों, रजिस्टरों और विवेचनात्मक कार्यों की भी गहन जांच की गई। कुछ कमियां पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को तत्काल सुधार करने के सख्त निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारी और स्टाफ को निर्देशित किया कि थाने की सभी व्यवस्थाएं पुलिस मैनुअल के अनुरूप रखी जाएं। विवेचनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ उपनिरीक्षक थाना कोतवाली खलीलाबाद को शस्त्र खोलने की बेहतरीन कार्यवाही के लिए 1100 रुपये नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव को भी उनकी कार्यक्षमता के लिए प्रशंसा मिली।
रजिस्टर पेंडेंसी पर नाराजगी जताते हुए एसपी ने जिला बदर की कार्यवाही की सराहना की और समय-सीमा में सभी कार्यवाहियां सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।















