मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में विकास योजनाओं की मासिक समीक्षा बैठक
बस्ती। मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार में शासन की प्राथमिकताओं एवं विभिन्न जनकल्याणकारी विकासपरक योजनाओं की मण्डलीय समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में पीएम सूर्य घर, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी, जलजीवन मिशन, लोक निर्माण, लोक शिकायत, सीएम डैशबोर्ड, पंचायती राज, नियोजन, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि एवं सहकारिता सहित सभी प्रमुख योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
मण्डलायुक्त ने योजनावार अद्यतन प्रगति का जायजा लिया और निर्देश दिया कि वित्तीय वर्ष के अंत में अधूरी योजनाओं में अपेक्षित प्रगति लाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को त्वरित गति से योजनाओं का भौतिक सत्यापन करने और सीएमआईएस पोर्टल पर डाटा अपडेट सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपकी सतत निगरानी से जनपद की रैंकिंग में बेहतर सुधार हो सकता है, इसलिए किसी भी दशा में रैंकिंग प्रभावित न होने दें।
मण्डलायुक्त ने अपर निदेशक पशुपालन को निर्देश दिया कि निराश्रित गोवंशों के संरक्षण हेतु सहभागिता योजना का अनुपालन कराया जाए। भूसा एवं हरे चारे की उपलब्धता का भौतिक सत्यापन कराना सुनिश्चित करें। पशुओं की जियो टैगिंग कार्य की अद्यतन प्रगति जांचें तथा ब्लॉक स्तर पर संबंधित अधिकारियों का उत्तरदायित्व निर्धारित करें।
उन्होंने कर्मयोगी पोर्टल से संबंधित कोर्स को अवश्य पूरा कराने और आईजीआरएस के लंबित प्रकरणों (पंचायत राज 43, पिछड़ा वर्ग 46, विद्युत 21, शिक्षा 10) का 31 मार्च तक गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर आयुक्त मनोज कुमार त्रिपाठी ने आईजीआरएस के प्रकरणों की जानकारी दी। बैठक का संचालन संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी ने किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी बस्ती कृत्तिका ज्योत्स्ना, सिद्धार्थनगर शिवशरणप्पा जीएन, संतकबीरनगर आलोक कुमार, सीडीओ सार्थक अग्रवाल, बलराम सिंह, जयकेश त्रिपाठी, डीएफओ डॉ. शिरीन सिद्दीकी, सीएमओ डॉ. राजीव निगम, डीडीओ अजय कुमार सिंह, पीडी राजेश कुमार, डीपीआरओ धनश्याम सागर, उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र प्रताप, भूमि संरक्षण अधिकारी डॉ. राजमंगल चौधरी, वरिष्ठ सहायक सुहेल अहमद सहित मण्डलीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।















