प्रभारी मंत्री राकेश सचान की सख्त समीक्षा! प्रधानमंत्री आवास से गोशाला तक, सिंचाई-बिजली-रोड तक दिए टाइट निर्देश – वित्तीय वर्ष के अंत में 100% लक्ष्य पूर्ति का अल्टीमेटम

प्रभारी मंत्री राकेश सचान की सख्त समीक्षा! प्रधानमंत्री आवास से गोशाला तक, सिंचाई-बिजली-रोड तक दिए टाइट निर्देश – वित्तीय वर्ष के अंत में 100% लक्ष्य पूर्ति का अल्टीमेटम

कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की गहन बैठक; त्योहारों में शांति-सौहार्द सुनिश्चित करने के आदेश, गुणवत्ता पर जोर, बजट समय पर खर्च करने की चेतावनी

रायबरेली। प्रभारी मंत्री जनपद रायबरेली एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति के साथ-साथ विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की बारीकी से जांच की गई और कई विभागों को सख्त निर्देश जारी किए गए।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा में मंत्री ने निर्देश दिया कि सर्वे में किसी भी पात्र लाभार्थी का नाम न छूटे। निराश्रित गोवंशों की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने आदेश दिया कि शत-प्रतिशत निराश्रित गोवंशों को आश्रय दिया जाए। गोशालाओं में हरे चारे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और आवश्यकता अनुसार नए गोवंश आश्रय स्थलों का निर्माण कराया जाए। गोवंश सहभागिता योजना के तहत जनता को प्रेरित कर अधिक से अधिक गोवंशों की सुपुर्दगी कराने पर जोर दिया।

आयुष्मान भारत योजना के तहत आयुष्मान कार्ड बनवाने की प्रगति पर असंतोष जताते हुए मंत्री ने कहा कि कार्य में तेजी लाई जाए और शत-प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को कार्ड उपलब्ध कराया जाए।

किसानों की फसल सिंचाई को लेकर नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने, विद्युत आपूर्ति रोस्टर के अनुसार सुनिश्चित करने और ग्रामीण क्षेत्रों में जले हुए ट्रांसफार्मर को 24 से 48 घंटे के अंदर रिप्लेस करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा में सड़कों के नवीनीकरण एवं मरम्मत कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा निर्माण गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष में महज एक माह बचा है, सभी विभाग अपने निर्धारित लक्ष्यों की 100% पूर्ति सुनिश्चित करें। प्राप्त बजट का शत-प्रतिशत उपयोग समय पर किया जाए और निर्माणाधीन सभी कार्य जल्द से जल्द पूर्ण कर लिए जाएं।

आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था पर भी विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। मंत्री ने निर्देश दिया कि जनपद में सभी त्योहार शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाए जाएं। इसके लिए व्यापक प्रबंध किए जाएं और किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सतर्कता बरती जाए।

बैठक में विधायक सलोन अशोक कुमार, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अंजूलता, डीएफओ प्रखर मिश्रा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवीन चन्द्रा, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए सतीश प्रसाद मिश्रा सहित सभी संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

मंत्री की इस समीक्षा बैठक से जिले में विकास कार्यों में नई गति आने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की उम्मीद जगी है।

Previous articleमुरादाबाद में फर्जी आख्या का खेल! लेखपाल सुनील शर्मा दोषी, मूल वेतन पर रिवर्ट पुलिस लाइन की सरकारी जमीन को निजी नाम पर करने की कोशिश नाकाम

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here