शुभम मिश्रा हत्याकांड का पर्दाफाश, शक में पट्टीदार ने की हत्या सोते समय सिर पर धारदार हथियार से किए चार वार, 17 संदिग्धों से पूछताछ के बाद संतोष मिश्रा गिरफ्तार

शुभम मिश्रा हत्याकांड का पर्दाफाश, शक में पट्टीदार ने की हत्या

सोते समय सिर पर धारदार हथियार से किए चार वार, 17 संदिग्धों से पूछताछ के बाद संतोष मिश्रा गिरफ्तार

गोरखपुर। बांसगांव थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव में व्यापारी के बेटे कार्तिकेय मिश्र उर्फ शुभम (20) की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, शुभम की हत्या उसके पट्टीदार संतोष मिश्रा ने अवैध संबंध होने के शक में की थी। आरोपी ने सोते समय शुभम के सिर पर धारदार हथियार से चार वार किए थे। पुलिस ने संतोष को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, बीएससी का छात्र शुभम बुधवार रात घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित बरामदे में सोने गया था। गुरुवार तड़के करीब पांच बजे संतोष वहां पहुंचा और सो रहे शुभम के सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

शुभम के चचेरे भाई विवेकानंद मिश्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ शुभम के मोबाइल की कॉल डिटेल और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की जानकारी खंगाली। गांव और आसपास के करीब 17 संदिग्धों से पूछताछ की गई। इसी दौरान संतोष की गतिविधियां पुलिस के संदेह के घेरे में आईं।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में संतोष ने बताया कि उसे शुभम के किसी महिला से अवैध संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते उसने हत्या की योजना बनाई और मौका पाकर शुभम के सोने के स्थान पर पहुंच गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने धारदार हथियार से शुभम के सिर पर चार वार किए और घटना के बाद वहां से फरार हो गया।

पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पूरी ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। उन्होंने बताया कि बरामद हथियार समेत अन्य साक्ष्यों को विवेचना में शामिल किया जा रहा है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

इस दौरान एएसपी/सीओ क्राइम अरुणकुमार और सीओ बांसगांव अनुज कुमार सिंह मौजूद रहे। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Previous articleबिना रॉयल्टी बालू परिवहन पर डीएम की सख्ती, ओवरलोड वाहनों पर होगी कार्रवाई वैध पट्टे की आड़ में अवैध परिवहन पर कसेगा शिकंजा, मिर्जापुर-सोनभद्र से आने वाले वाहनों की होगी जांच
Next articleसदर तहसील में 147 फरियादियों ने लगाई गुहार, 10 मामलों का मौके पर निस्तारण एसडीएम ज्ञान प्रताप सिंह ने सुनीं समस्याएं, शेष शिकायतें संबंधित अधिकारियों को भेजकर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here