महाशिवरात्रि पर तामेश्वरनाथ धाम में डीएम अलोक कुमार व एसपी संदीप कुमार मीना ने की पूजा-अर्चना: सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और सुविधाओं का लिया जायजा

महाशिवरात्रि पर तामेश्वरनाथ धाम में डीएम अलोक कुमार व एसपी संदीप कुमार मीना ने की पूजा-अर्चना: सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और सुविधाओं का लिया जायजा

संतकबीरनगर। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जनपद के प्राचीन एवं प्रसिद्ध तामेश्वरनाथ शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। इस अवसर पर जिलाधिकारी संतकबीरनगर अलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से मंदिर परिसर का दौरा किया। दोनों अधिकारियों ने विधि-विधान से देवाधिदेव महादेव बाबा तामेश्वरनाथ का जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर श्रद्धापूर्वक दर्शन किए तथा जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

मंदिर में पहुंचने पर डीएम और एसपी ने महाशिवरात्रि मेले के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने जलाभिषेक के लिए लगने वाली लंबी कतारों की बैरिकेटिंग, रूट डायवर्जन, आवागमन मार्ग, विश्राम स्थल, भोजन व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की बारीकी से जानकारी ली। मेला स्थल के आसपास लगाए गए सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण किया गया तथा उनकी कार्यक्षमता और कवरेज पर संतोष जताया।

अधिकारियों ने मेला आयोजकों, गोस्वामी समाज, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्यों और मेला प्रबंधन कमेटी से विस्तृत बातचीत की। उन्होंने सभी बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

इस निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दूबे, पीआरओ पुलिस अधीक्षक पी के गुप्ता सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारीगण तथा मेला प्रबंधन कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे।

यह दौरा प्रशासन की संवेदनशीलता और जनसुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिससे श्रद्धालुओं में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई और महाशिवरात्रि पर्व की धार्मिक गरिमा बनी रही। बाबा तामेश्वरनाथ धाम में चल रहा यह मेला आस्था, भक्ति और प्रशासनिक समन्वय का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।

Previous articleतामेश्वरनाथ मेले का भव्य शुभारंभ: डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने काटा फीता, दी ₹31 हजार की सहयोग राशि

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here